पटना: पटना जिले में पैक्स चुनाव की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। मतदान 26 नवंबर से शुरू होगा। वहीं इस बार तीन चरणों में चुनाव होगा। इस चुनाव के लिए 609 मतदान केंद्रों का गठन किया गया है। 227 पैक्स में अध्यक्ष एवं प्रबंध कार्यकारिणी समिति के चुनाव होंगे। इसके संबंध में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक की।
डीएम ने कहा
डीएम ने कहा कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति (पैक्स) के चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। चुनाव के तहत 80 पैक्स में 26 नवंबर, 80 पैक्स में 29 नवंबर और 67 पैक्स में 3 दिसंबर को मतदान होगा। कुल 609 मतदान केंद्र होंगे और मतदाताओं की संख्या लगभग 3 लाख 57 हजार 260 है। डीएम ने सभी अनुमंडल अधिकारियों को मतदान केंद्रों और मतगणना केंद्रों की जांच कर रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है।
इस चुनाव के लिए 12 विशेष समितियां बनाई गई हैं, जिनमें कार्मिक, वाहन, प्रशिक्षण, सामग्री, आदर्श आचार संहिता, व्यय लेखा अनुश्रवण, प्रेक्षक एवं प्रोटोकॉल, विधि-व्यवस्था एवं संचार व्यवस्था, मीडिया और आईईसी, हेल्पलाइन एवं नियंत्रण कक्ष, मतपत्र एवं मतपेटिका और मतगणना कोषांग शामिल हैं।
पैक्स चुनाव के मतदान पांच चरणों में होंगे, जिनकी तिथियां हैं
26, 27, 29 नवंबर, 1 दिसंबर और 3 दिसंबर। पहले चरण के नामांकन 11 से 13 नवंबर तक होंगे, दूसरे चरण के लिए 13 से 16 नवंबर तक, तीसरे चरण के लिए 16 से 18 नवंबर तक, चौथे चरण के लिए 17 से 18 नवंबर तक और पांचवे चरण के लिए 19 से 21 नवंबर तक नामांकन किए जाएंगे।
मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक रहेगा, हालांकि उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में यह समय शाम 3 बजे तक रहेगा। मतगणना मतदान के दिन या अगले दिन होगी। चुनाव आयोग ने पैक्स के लिए मतदाता सूची का प्रारूप भी जारी कर दिया है, जिसमें 22 अक्टूबर तक आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके बाद 25 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।



































