पटना: बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर के खिलाफ तीव्र विरोध देखा जा रहा है। हाल का मामला पश्चिम चंपारण के बेतिया में सामने आया, जहां बिजली विभाग के कर्मियों को मीटर लगाने के दौरान कड़ा विरोध झेलना पड़ा।

जब बिजली कर्मी स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उन्हें लाठी-डंडे और झाड़ू से दौड़ा दिया। विरोध के दौरान, जब बिजली कर्मियों ने गांव की बिजली काटने का प्रयास किया, तो महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और हंगामा कर दिया। इससे बिजली कर्मियों को वहां से भागना पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह घटना योगापट्टी प्रखंड के चौमुखा पंचायत के ननकार गांव की है। यहां रविवार को बिजली कर्मी मीटर लगाने आए थे, लेकिन ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। जब बिजली मिस्त्री ने गांव का लाइन काटने की धमकी दी और ट्रांसफार्मर की ओर बढ़ा, तो ग्रामीण और खासकर महिलाएं गुस्से में आ गईं और उसे घेर लिया।

जैसे ही मिस्त्री ने लाइन काटने का प्रयास किया, महिलाओं ने उसे रोक लिया। हंगामे के बाद, मिस्त्री अपनी जान बचाकर वहां से भागने पर मजबूर हुआ। महिलाओं का कहना है कि गांव में स्मार्ट प्रीपेड मीटर नहीं लगाया जाएगा, और वे किसी भी तरह से इसके खिलाफ हैं। हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here