पटना: बिहार में चल रहे भूमि सर्वेक्षण के दौरान कई शिकायतें सामने आ रही हैं। ताजा मामला जहानाबाद जिले के पूर्व सांसद जगदीश शर्मा से जुड़ा है, जहां सर्वे के दौरान राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के कर्मचारियों ने उनकी जाति भूमिहार के बजाय यादव दर्ज कर दी।
जगदीश शर्मा ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से की है। उनके शिकायत के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को सुधार करने का निर्देश दिया। जगदीश शर्मा घोसी प्रखंड के कुर्रे गांव के निवासी हैं और उन्होंने कई बार विधायक और सांसद का पद संभाला है।
यह स्थिति चिंताजनक है, क्योंकि यदि एक वरिष्ठ राजनीतिक नेता के साथ ऐसा हो सकता है, तो आम लोगों की स्थिति क्या होगी, यह सोचने का विषय है। सर्वे में रैयत का नाम जगदीश शर्मा और उनके पिता का नाम स्वर्गीय कामत शर्मा लिखा गया है, लेकिन जाति को गलत तरीके से दर्ज किया गया है। इस मामले पर जिले में चर्चा तेज है और जगदीश शर्मा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सर्वे में हो रही गलतियों पर सवाल उठाया है।



































