पटना: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने नक्सली संगठनों से संबंध के चलते बिहार के गया और भभुआ में गुरुवार को पांच स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान जेडीयू की पूर्व एमएलसी मनोरमा देवी को भी पकड़ा गया। उनके घर से इतनी बड़ी मात्रा में नकद राशि मिली कि गिनने के लिए मशीन मंगवानी पड़ी। एनआईए की ओर से जारी बयान में बताया गया कि छापेमारी के दौरान कुल 4 करोड़ 3 लाख रुपये, 10 विभिन्न प्रकार के हथियार, कई दस्तावेज, पेन ड्राइव, मोबाइल, टैबलेट, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
मनोरमा देवी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि सुबह 6 बजे एनआईए की टीम ने उनके घर पर छापामारी की, जिसमें उन्होंने पूरा सहयोग दिया। उन्होंने दावा किया कि जब्त की गई राशि बैंक से लिए गए लोन की है, जिसका पूरा रिकॉर्ड उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट के पास है। हथियारों के बारे में उन्होंने कहा कि ये उनके गार्ड के हैं और उनके पास इसके भी कागजात हैं। उन्होंने किसी गिरफ्तारी की बात से इनकार किया और कहा कि एनआईए की जांच में उन्होंने पूरा सहयोग किया।
गौरतलब है कि एनआईए की इस कार्रवाई में छापेमारी लगभग 20 घंटे तक चली। जांच एजेंसी ने बताया कि अगस्त 2023 में औरंगाबाद जिले से दो नक्सलियों की गिरफ्तारी के बाद यह कार्रवाई शुरू हुई थी। मनोरमा देवी के गया स्थित तीन ठिकानों पर छापेमारी की गई, जहां से ये बरामदगी हुई। हालांकि, इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।
एनआईए ने पिछले साल 26 सितंबर को नक्सल गतिविधियों से संबंधित एक मामला दर्ज किया था और तब से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले, 7 अगस्त 2023 को औरंगाबाद के गोह थाने में एक नक्सली घटना को लेकर एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसमें राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के तहत कई गंभीर धाराएं लगाई गई थीं।
ALSO READ



































