पटना: बिहार से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के पिता की तबीयत अचानक खराब हो गई है और उन्हें इलाज के लिए पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चंद्र नारायण यादव (83 साल) पिछले दो वर्षों से बीमार चल रहे थे, लेकिन मंगलवार की रात उनकी हालत बिगड़ गई। इस सूचना पर पप्पू यादव तुरंत अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पिता से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली।
पप्पू यादव ने बताया कि उनके पिता को ब्लड प्रेशर की समस्या है और पिछले कुछ सालों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति खराब रही है। हाल ही में उनके पैर में घाव हो गया था, और कल बीपी हाई होने के कारण उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। पप्पू यादव ने कहा कि उनके लिए यह स्वाभाविक है कि वह अपने पिता की देखभाल करें, लेकिन साथ ही उन्हें जनता की समस्याओं का भी ध्यान रखना पड़ता है।
बुधवार को पप्पू यादव ने कहा कि वह दोनों जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रहे हैं। रात भर उन्होंने अपने पिता के साथ अस्पताल में समय बिताया, और सुबह से वह जनता की समस्याओं को सुलझाने में लगे हैं। उन्होंने बताया कि जनता दरबार में करीब 300 से 400 लोग अपनी समस्याओं को लेकर आए हैं, जिनका समाधान करना उनकी प्राथमिकता है।



































