रांची/झारखंड: दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) झारखंड की सभी 81 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यह निर्णय पार्टी पदाधिकारियों और आप प्रदेश कार्यालय कार्यकर्ताओं की दो दिवसीय बैठक में लिया गया। आप के प्रदेश संयोजक डी.एन. सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में चुनाव की तैयारी करेंगे। झारखंड गठन के 24 वर्ष हो गए हैं। पार्टी के उप संयोजक प्रेम कुमार ने कहा कि व्यवस्था बदलाव यात्रा के माध्यम से पूरे 81 विधानसभा क्षेत्र में 24 वर्ष का हिसाब-किताब होगा।
बिजली-पानी, शिक्षा-स्वास्थ्य को बताया मुद्दा
प्रदेश उपाध्यक्ष अजय भगत ने कहा कि झारखंड के मूलवासी आज भी बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था और रोजगार के लिए तरस रहे हैं। स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं। अस्पतालों में सुविधा नहीं है।
सरकार मुफ्त पानी न दे तो धिक्कार
प्रदेश प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि झारखंड में शहरी क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स दोगुना से अधिक हो गया। पीने के पानी का टैक्स वसूला जा रहा है। यदि सरकार जनता को मुफ्त पानी भी उपलब्ध नहीं करा सकती तो ऐसी सरकार को धिक्कार है। प्रदेश प्रवक्ता सौरभ श्रीवास्तव और ओंकार नाथ जायसवाल ने कहा कि झारखंड को 24 घंटा बिजली और हर परिवार को 300 यूनिट मुफ्त बिजली चाहिए। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।
ALSO READ
IRCTC: शादियों का सीजन आते ही टिकट के लिए मारामारी, तत्काल टिकट पाना भी हुआ कठिन
































