पटना: राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सतेंद्र दास ने हाल ही में दावा किया था कि राम मंदिर के गर्भगृह की छत से पानी टपक रहा है। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद ने आचार्य के दावे पर भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोल दिया है। लालू ने कहा है कि धर्माचार्यों के मना करने के बावजूद एक व्यक्ति ने चुनावी लाभ लेने के लिए मंदिर का उद्घाटन करा दिया।
लालू प्रसाद ने एक्स पर लिख कर कहा, ‘धर्माचार्यों ने मना किया था लेकिन एक व्यक्ति ने अपने प्रचार-प्रसार एवं चुनावी लाभ के लिए आनन-फानन में अयोध्या में मंदिर का उद्घाटन किया। अब मंदिर के मुख्य पुजारी कह रहे है कि, ‘जहां रामलला विराजमान हैं, वहां पहली ही बारिश में छत से पानी टपकने लगा है, मंदिर में बारिश का पानी भर गया. साथ ही बाकी जगहों पर भी पानी टपक रहा है. इसकी जांच होनी चाहिए’।
लालू ने आगे लिखा कि, ‘रामपथ में सीवर धँस गए। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन की दीवार गिर गयी। मंदिर के मुख्य पुजारी ने मंदिर के निर्माण कार्य पर कहा कि जुलाई 2025 में भी काम का पूरा होना असंभव है। लेकिन उद्घाटन तो 2 वर्ष पूर्व ही कर दिया। अयोध्या वाले सच जानते है इसलिए उन्होंने लोगों की भावनाओं का दोहन करने वालों को कड़ा सबक़ सीखा दिया। मीडिया के लोग क्या अब भी वहाँ उछल-कूद करने जाएंगे’?
बता दें कि राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास के बयान को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि जिस गर्भगृह में भगवान रामलला विराजमान हैं, उसकी छत से पानी की एक बूंद भी नहीं गिरी और कहीं से भी पानी गर्भगृह में नहीं आया.
ALSO READ



































