पटना: बिहार शिक्षा सेवा के अधिकारी अभी तक अपनी सेवा इतिहास की जानकारी विभाग को नहीं दे पा रहे हैं। जिन अधिकारियों ने जानकारी दी है, उनमें से कई ने गलत सूचना भी दी है। इस पर शिक्षा विभाग अब सख्त हो गया है और उन अधिकारियों को एक हफ्ते के अंदर पूरी जानकारी देने का आदेश दिया है।
121 अधिकारियों ने अभी तक जानकारी क्यों नहीं दी?
बिहार शिक्षा सेवा के 121 अधिकारियों ने अब तक अपनी सेवा इतिहास की जानकारी नहीं दी है। शिक्षा विभाग ने इस बारे में दो बार पत्राचार किया था, लेकिन 279 अधिकारियों में से केवल 158 अधिकारियों ने ही जानकारी प्रदान की। बाकी 121 अधिकारी अभी तक सेवा इतिहास की जानकारी विभाग को नहीं दे पाए हैं। इसके बाद, निदेशक (प्रशासन) सुबोध कुमार चौधरी ने सभी अधिकारियों को पत्र लिखकर जानकारी देने का आदेश दिया है।
गलत सूचना देने वाले अधिकारियों पर सख्ती
निदेशक (प्रशासन) सुबोध कुमार चौधरी ने कहा कि 21 अगस्त 2024 को बिहार शिक्षा सेवा (प्रशासन उप संवर्ग) के पदाधिकारियों का फोटो युक्त असैनिक सूची तैयार करने के साथ-साथ सेवा इतिहास की जानकारी मांगी गई थी। फिर 24 दिसंबर 2024 को पुनः पत्राचार किया गया। इसके बावजूद कई अधिकारियों ने या तो जानकारी नहीं दी, या फिर गलत जानकारी दी। कई पदाधिकारियों ने सेवा संपुष्टि की तिथि गलत अंकित की है। अब तक कुल 279 अधिकारियों में से 158 ने सूचना दी है, जबकि 121 अधिकारी अब तक चुप हैं। निदेशक ने इन्हें एक सप्ताह के अंदर सभी जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।


































