पटना: पटना में बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा के अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। इस घटना पर अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रतिक्रिया दी है और उन्होंने अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। प्रियंका ने बिहार की एनडीए सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि रोजगार की मांग कर रहे युवाओं पर इस प्रकार का हमला असंवेदनशील और क्रूर है।

प्रियंका गांधी का बयान

प्रियंका गांधी ने कहा कि बीजेपी के शासन में, यदि कोई युवा रोजगार की मांग करता है तो उसे लाठियों से पीटा जाता है। प्रियंका ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि युवाओं की आवाज दबाने के लिए सरकार हर संभव कदम उठा रही है, जो कि पूरी तरह से गलत है। प्रियंका गांधी ने बीपीएससी अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज का वीडियो शेयर किया, जिसमें कुछ छात्र सड़क पर हाथ जोड़कर बैठे हुए हैं और पुलिस उन्हें लाठी से पीटते हुए नजर आ रही है।

प्रियंका ने कहा कि यह सिर्फ बिहार का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह यूपी और मध्य प्रदेश जैसी जगहों पर भी हो रहा है। जब भी युवा अपनी मांगों को लेकर उठते हैं, उन्हें बर्बरता से पीटा जाता है। प्रियंका ने सवाल उठाया कि दुनिया के सबसे युवा देश (भारत) के युवाओं का भविष्य क्या होगा, और यह सरकार का कर्तव्य है कि वह इस बारे में सोचकर नीतियां बनाएं। प्रियंका ने कहा कि भाजपा के पास केवल सत्ता बचाने की योजना है, जबकि उसे युवाओं के भविष्य के बारे में भी सोचना चाहिए।

लालू प्रसाद का बयान

लाठीचार्ज पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने भी इसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि पुलिस को ऐसा नहीं करना चाहिए था, यह बिल्कुल गलत है। लालू ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि वह सभी विपक्षी नेताओं से इस मामले में शामिल होने की अपील करते हैं, ताकि सरकार पर दबाव डाला जा सके।

बीपीएससी परीक्षा और अभ्यर्थियों का विरोध

बता दें कि 13 दिसंबर को हुई बीपीएससी 70वीं प्रारंभिक परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कई अभ्यर्थियों ने इसे रद्द करने और पुनः आयोजित करने की मांग की थी। इस विरोध को लेकर पिछले एक सप्ताह से पटना के गर्दनीबाग में अभ्यर्थियों का धरना जारी था। बुधवार को, आंदोलनरत अभ्यर्थी बीपीएससी कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें वहां से खदेड़ दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here