पटना: एनडीए की सहयोगी पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक दिल्ली के कांस्टिट्यूशन क्लब में आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में 9 प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें बिहार में 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का प्रस्ताव पास किया गया है।

मुफ्त बिजली और 2000 रुपये पेंशन का प्रस्ताव

बैठक में 9 प्रमुख प्रस्तावों पर सहमति बनी। बाबा साहब की विशाल प्रतिमा दीक्षा भूमि, नागपुर में लगाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा, दिल्ली की सड़कों के नाम स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा गया। बिहार में सभी प्रकार के पेंशन की न्यूनतम राशि 2000 रुपये करने और 5 एकड़ तक की खेती के लिए मुफ्त बिजली देने का निर्णय हुआ।

जीविका, आशा, रसोइया कर्मियों की सरकारी नौकरी का वादा

बैठक में जीविका दीदी, ममता दीदी, आशा दीदी और रसोइया कर्मियों की नौकरियों को पूरी तरह सरकारी करने का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही बेरोजगार युवाओं को 5000 रुपये मासिक बेरोजगारी भत्ता देने का निर्णय लिया गया।

बेटियों के लिए माता सबरी सम्मान योजना

पार्टी ने बिहार में बेटियों के लिए माता सबरी सम्मान योजना शुरू करने का प्रस्ताव पेश किया। इस योजना के तहत सभी वर्गों की बेटियों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है।

बाबा साहब की मूर्ति स्टैचू ऑफ यूनिटी की तर्ज पर

हम ने बाबा साहब की प्रतिमा स्टैचू ऑफ यूनिटी की तर्ज पर बनाने का प्रस्ताव पारित किया। इस प्रस्ताव को लेकर पार्टी का मानना है कि यह बाबा साहब के योगदान का प्रतीक होगा।

इस बैठक में पार्टी के केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी, राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन समेत कार्यकारिणी के सभी सदस्य शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here