देवघर/झारखंड: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन के साथ दो दिवसीय दौरे पर संथाल परगना पहुंचे। क्षेत्र में आगमन के साथ ही उन्होंने बाबा बैद्यनाथ धाम में भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए। बाबा मंदिर में जलाभिषेक के दौरान मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी ने भगवान शिव से राज्य की खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा। उनके आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई और आम जनता का प्रवेश कुछ समय के लिए रोक दिया गया।

जनता के हित में काम करने का वादा

पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हालिया विधानसभा चुनावों में जनता ने सरकार पर जो भरोसा जताया है, उसका उपयोग राज्य के विकास और जनता के हित में किया जाएगा। उन्होंने झारखंड की जनता को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देगी।

कल्पना सोरेन ने जताया बाबा का आभार

मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा कि बाबा के दरबार में राजनीतिक बातें करना उचित नहीं है। उन्होंने ‘हर हर महादेव’ का नारा लगाते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से झारखंड मुक्ति मोर्चा को बड़ी जीत मिली है और पार्टी भविष्य में भी राज्य के विकास के लिए बेहतर कार्य करेगी।

कॉरिडोर के सवाल पर सीएम की चुप्पी

बाबा मंदिर में बनने वाले कॉरिडोर को लेकर पूछे गए सवालों पर मुख्यमंत्री ने कोई टिप्पणी नहीं की। हालांकि, मंदिर की स्थिति को लेकर वे संतुष्ट दिखे।

एसडीओ ने दी जानकारी

देवघर के एसडीओ रवि कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहली बार बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे। शिवलिंग की स्थिति को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। एसडीओ ने बताया कि मंदिर परिसर में हाल में हुए अवैध निर्माण और सीमेंट छिड़काव को लेकर मुख्यमंत्री पूरी जानकारी रखते हैं, लेकिन इस पर कुछ भी कहने से परहेज किया।

सर्किट हाउस कार्यक्रम रद्द, बासुकीनाथ रवाना

देर से पहुंचने के कारण मुख्यमंत्री का सर्किट हाउस कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। बाबा बैद्यनाथ धाम में विधिवत पूजा के बाद मुख्यमंत्री बासुकीनाथ धाम के लिए रवाना हो गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here