पटना: कुछ ही समय पहले घर में आई खुशियां अब मातम में बदल गईं। जो आंसू खुशी के पल में छलक रहे थे, वही अब गम के सैलाब में बह रहे हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि घर के सामने अंधेरा छा गया है। यह घटना एक युवा आईपीएस अधिकारी हर्षबर्धन के परिवार के साथ हुई, जहां कुछ दिन पहले उनकी सफलता से परिवार में जश्न का माहौल था। लेकिन अब परिवार को ऐसा सदमा पहुंचा है जिससे उबरना मुश्किल है।
हासन जा रहे आईपीएस अधिकारी की सड़क हादसे में मौत
26 वर्षीय हर्षबर्धन, जो मध्य प्रदेश के निवासी और कर्नाटक कैडर के 2023 बैच के आईपीएस अधिकारी थे, हासन जिले में अपनी पहली पोस्टिंग लेने के लिए जा रहे थे। इस दौरान उनकी गाड़ी का भयानक हादसा हो गया। हाल ही में अपनी ट्रेनिंग पूरी करने वाले हर्षबर्धन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
टायर फटने से हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना तब हुई जब वाहन का टायर फट गया और चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। गाड़ी सड़क किनारे एक घर और पेड़ से टकरा गई। हादसे में हर्षबर्धन को सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई। चालक को मामूली चोटें आई हैं।
पहली पोस्टिंग की ड्यूटी के लिए जा रहे थे हर्षबर्धन
पुलिस ने बताया कि हर्षबर्धन होलेनरासीपुर में परिवीक्षाधीन सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी पहली ड्यूटी पर रिपोर्ट करने जा रहे थे। इस बीच, सीनियर अधिकारी ने पुष्टि की कि हर्षबर्धन की मौत सिर में गंभीर चोटों की वजह से हुई।
मुख्यमंत्री ने व्यक्त की संवेदना
घटना पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गहरा दुख जताते हुए X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “हासन-मैसूर राजमार्ग पर हुए हादसे में प्रोबेशनरी आईपीएस अधिकारी हर्षबर्धन की मौत की खबर बेहद दुखद है। यह त्रासदी तब हुई जब वह अपनी मेहनत का फल लेने, पहली पोस्टिंग की ड्यूटी के लिए जा रहे थे। भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले। मृतक के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”



































