पटना: नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने 2025 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके पहले चरण में हर जिले में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। हालांकि, पार्टी की तैयारी के बीच नेताओं और कार्यकर्ताओं की अंदरूनी कलह उजागर हो रही है। भागलपुर के सम्मेलन में विधायक गोपाल मंडल ने अपने बयान से पार्टी को मुश्किल में डाल दिया। उन्होंने मंच पर कहा कि जो उन्हें बोलने से रोकेगा, उसे पटककर जान से मार देंगे। यही नहीं, उन्होंने अपनी ही पार्टी के सांसद को चोर-पॉकेटमार तक कह दिया।

भागलपुर सम्मेलन में विवाद

शनिवार को भागलपुर में जेडीयू का जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा समेत कई बड़े नेता शामिल हुए। कार्यक्रम में विधायक गोपाल मंडल को बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा था। इससे नाराज होकर उन्होंने जबरन माइक लेकर भाषण देना शुरू किया। उनके बयान सुनकर मंच पर बैठे प्रदेश अध्यक्ष और अन्य नेता हतप्रभ रह गए।

“पटक कर जान से मार देंगे”

विधायक गोपाल मंडल ने कहा, “यहां आए नेताओं को पता ही नहीं कि मैं पूरे प्रमंडल की राजनीति करता हूं। मेरे पास राज्य मंत्री का दर्जा है। मैं फाइटर हूं और लड़ाकू हूं। जो मुझे बोलने से रोकेगा, उसे पटककर जान से मार दूंगा।” उन्होंने अपनी पुरानी राजनीतिक ताकत का जिक्र करते हुए कहा, “1990 में पप्पू यादव, आनंद मोहन और मैं बराबरी के नेता थे। चुनाव हारने का मतलब यह नहीं कि मैं कमजोर हूं। अगर मुझे बोलने नहीं दिया जाएगा तो सभा की कोई अहमियत नहीं रहेगी।”

“एक पैर जेल में, एक बाहर”

विधायक ने मंच पर कहा, “हर अफसर मेरी बात सुनता है। अगर नहीं सुनता, तो मैं उसे सुना देता हूं। मेरे लिए क्या फर्क पड़ता है। मेरा एक पैर जेल के अंदर और दूसरा बाहर रहता है।” उन्होंने पार्टी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, “मुझे इस कार्यक्रम में निमंत्रण तक नहीं दिया गया। अगर गोपाल मंडल नहीं बोलेगा, तो कौन बोलेगा? यहां तो मारामारी तक हो सकती थी।”

सांसद को बताया चोर-पॉकेटमार

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में गोपाल मंडल ने जेडीयू सांसद अजय मंडल पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें “चोर-पॉकेटमार” कहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्यक्रम के पोस्टर में उनका फोटो तक नहीं लगाया गया। प्रदेश अध्यक्ष पर भी हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, “वे भी सही नहीं हैं। मुख्यमंत्री से शिकायत करने की जरूरत नहीं, मैं खुद इन्हें निपट लूंगा।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here