रांची/झारखंड: झारखंड में 43 विधानसभा सीटों पर पहले चरण का मतदान समाप्त हो चुका है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, शाम 5 बजे तक राज्य में 64.86 प्रतिशत मतदान हुआ, जो पिछले चुनाव के मुकाबले अधिक है। 2019 में यहां 63.90 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। अंतिम आंकड़े आने के बाद इसमें 1 से 1.5 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।

जिलावार मतदान प्रतिशत

शाम 5 बजे तक के मतदान आंकड़े के अनुसार, चतरा में 63.26 प्रतिशत, पूर्वी सिंहभूम में 64.87 प्रतिशत और गुमला में 69.01 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे ज्यादा वोटिंग लोहरदग्गा में 73.21 प्रतिशत दर्ज की गई, इसके बाद सरायकेला-खरसावां में 72.19 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, सबसे कम मतदान हजारीबाग में 59.13 प्रतिशत हुआ।

पहले चरण में मतदान वाले जिले

पहले चरण में झारखंड के गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, लातेहार, रांची, लोहरदगा, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिलों में मतदान हुआ। इन जिलों में, पूर्वी सिंहभूम में सबसे ज्यादा छह सीटों पर मतदान हुआ, जबकि पलामू, पश्चिमी सिंहभूम और रांची में पांच-पांच सीटों पर मतदान हुआ। हजारीबाग और सरायकेला में तीन-तीन सीटों पर वोटिंग हुई। गढ़वा, गुमला, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा और सिमडेगा में दो-दो सीटों पर मतदान हुआ और कोडरमा में एक सीट पर मतदान हुआ।

दोपहर 3 बजे तक के आंकड़े

दोपहर 3 बजे तक, राज्य के 15 जिलों में सबसे ज्यादा मतदान सरायकेला-खरसावां जिले में हुआ। इसके बाद लोहरदग्गा (65.99 प्रतिशत), गुमला (64.59 प्रतिशत), सिमडेगा (64.31 प्रतिशत), खूंटी (63.35 प्रतिशत), लातेहार (62.81 प्रतिशत), गढ़वा (61.06 प्रतिशत), पश्चिमी सिंहभूम (60.35 प्रतिशत), रामगढ़ (59.22 प्रतिशत), पूर्वी सिंहभूम (58.72 प्रतिशत), चतरा (58.23 प्रतिशत), कोडरमा (58.13 प्रतिशत), हजारीबाग (57.16 प्रतिशत), पलामू (56.57 प्रतिशत) और रांची (53.40 प्रतिशत) में मतदान हुआ।

झारखंड चुनाव की जातीय और श्रेणीवार सीटें

झारखंड की 43 विधानसभा सीटों में से 17 सामान्य वर्ग, 20 अनुसूचित जनजाति और 6 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। मतदान के लिए राज्यभर में 15,344 पोलिंग स्टेशन स्थापित किए गए थे, जिनमें से 1152 पोलिंग स्टेशन महिलाओं द्वारा संचालित थे और 24 पोलिंग बूथ दिव्यांगों द्वारा चलाए जा रहे थे।

पहले चरण की प्रमुख सीटें

पहले चरण के मतदान में 683 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 73 महिलाएं हैं। प्रमुख सीटों में चंपाई सोरेन की सरायकेला, रांची, जमशेदपुर पश्चिम, जगन्नाथपुर और जमशेदपुर पूर्व शामिल हैं। रांची में बीजेपी के चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह और जेएमएम की महुआ मांझी के बीच मुकाबला है। जगन्नाथपुर में बीजेपी की गीता कोड़ा और कांग्रेस के सोना राम के बीच भिड़ंत है। जमशेदपुर पूर्व में कांग्रेस के अजय कुमार का मुकाबला रघुबर दास की बहू पूर्णिमा दास से है। जमशेदपुर पश्चिम में मंत्री बन्ना गुप्ता का सामना जेडीयू के सरयू राय से है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here