पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में 25 प्रस्तावों पर मुहर लगी है। इस बार सरकारी कर्मचारियों को दीपावली पर DA का तोहफा नहीं मिला है।
नीतीश कैबिनेट के निर्णय
बिहार स्थानीय क्षेत्र अभियंतन सेवा संशोधन नियमावली 2024 को स्वीकृति दी गई। बिहार कृषि विभागीय लिपिक संवर्ग भर्ती, प्रोन्नति और सेवा शर्त नियमावली 2024 के गठन की मंजूरी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत बिहार परिधापक संवर्ग के मूल कोटी और प्रोन्नति के पदों पर नियुक्ति और सेवा शर्तों के निर्धारण हेतु बिहार परिधापक संवर्ग नियमावली 2024 की मंजूरी दी गई। वित्त विभाग में वित्तीय विशेषज्ञ और बजट सलाहकार के एक-एक पद का दो वर्षों के लिए विस्तार किया गया।
मोइनुल हक स्टेडियम को नया रूप देगी सरकार
राजेंद्र नगर पटना में मोइनुल हक स्टेडियम के पुनर्निर्माण के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड को दीर्घकालिक लीज पर ₹1 के आधार पर 7 वर्षों के लिए स्टेडियम सौंपने का MOU किया जाएगा। स्टेडियम के बगल में एक फाइव स्टार होटल का निर्माण भी किया जाएगा। स्टेडियम की क्षमता 40,000 होगी, और सभी खर्चे बीसीसीआई द्वारा उठाए जाएंगे।
इन परियोजनाओं को नीतीश कैबिनेट ने दी मंजूरी
दीलखीसराय में 15 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 59 करोड़ 56 लाख 50 हजार रुपए की स्वीकृति दी गई है। लखीसराय-जमुई-बांका और अररिया जिले की चार परियोजनाओं के लिए 175 करोड़ 28 लाख 91 हजार रुपए की मंजूरी मिली है। सारण तटबंध के 40 किलोमीटर से 72 किलोमीटर तक के मजबूतीकरण के लिए 60 करोड़ 92 लाख 38 हजार रुपए का प्रावधान किया गया है। तिरहुत मुख नहर के 223.11 किलोमीटर से 240.85 किलोमीटर तक पुनर्स्थापना और लाइनिंग कार्य के लिए 181 करोड़ 76 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है।
































