पटना: बिहार में होने वाले विधानसभा उपचुनाव से पहले राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को एक महत्वपूर्ण झटका लगा है। पार्टी के दो नेताओं ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है, जिसकी जानकारी उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
बिहार विधानसभा की चार सीटों तरारी, रामगढ़, बेलागंज और इमामगंज पर उपचुनाव के चुनाव की घोषणा कभी भी हो सकती है। उपचुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों की निगाहें चुनाव आयोग पर हैं। इसी बीच, उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी आरएलएम को उस समय बड़ा धक्का लगा, जब दो नेताओं ने सामूहिक रूप से इस्तीफे की घोषणा की।
उपचुनाव से पहले दो नेताओं ने दिया इस्तीफा
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुशवाहा और प्रदेश महासचिव परमानंद कुशवाहा ने पटना के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में अपने इस्तीफे का एलान किया। अजय कुशवाहा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि बेलागंज विधानसभा उपचुनाव को लेकर कोई निर्णय नहीं होने से असंतोष उत्पन्न हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि अनुशासनहीनता चरम पर है।
परमानंद कुशवाहा ने कहा
वहीं, परमानंद कुशवाहा ने कहा कि कुर्था विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी के तहत उन्होंने राष्ट्रीय लोक मोर्चा से इस्तीफा देने का फैसला लिया है। बिहार की चार विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और दावेदारी तेजी से बढ़ गई हैं, और इस बीच दो नेताओं का एकसाथ पार्टी छोड़ना उपेंद्र कुशवाहा के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।


































