पटना: डोरीगंज थाना क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन के मामले में थानाध्यक्ष समेत छह पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया गया है। सभी पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है और 18 अधिकारियों से 7 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सारण जिले के डोरीगंज थाना में अवैध बालू लदे वाहनों से वसूली की सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 ने जांच की। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि की कि डोरीगंज थाना के अधिकारियों द्वारा अवैध वसूली की जा रही थी और कई वाहनों को पकड़कर वसूली के बाद छोड़ दिया गया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष राहुल रंजन, पु०अ०नि० तेजनारायण सिंह, पु०अ०नि० अजेस कुमार सिंह, पु०अ०नि० श्रृजन मिश्रा, पु०अ०नि० दिनदयाल राय, स०अ०नि प्रभंजन कुमार और चौकीदार सुमन मांझी को निलंबित किया। इसके अलावा, डोरीगंज थाना के अन्य 12 पुलिस अधिकारियों को भी पुलिस मुख्यालय वापस भेजा गया है।
सारण जिला पुलिस ने जीरो टॉलरेन्स नीति के तहत अवैध कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने का संकल्प लिया है और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत करने का भी आश्वासन दिया है।



































