पटना: दुर्गा पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। वीरपुर थाना क्षेत्र में लगभग 200 लोगों के खिलाफ धारा 107 के तहत कार्रवाई की गई है। यह जानकारी थाना अध्यक्ष एवं पुलिस निरीक्षक संजीव कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने और विधि व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वीरपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के इन लोगों पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने यह भी कहा कि मेले में असामाजिक तत्वों पर उनकी विशेष नजर रहेगी।
उन्होंने सभी से शांतिपूर्ण तरीके से पूजा मनाने की अपील की और अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी। वीरपुर थाना क्षेत्र के भवानंदपुर, वीरपुर, मैदा बभनगामा, सहुरी आदि गांवों में दुर्गा पूजा और मेले का आयोजन होता है।
धारा 107 का क्या मतलब है?
धारा 107 के तहत, यदि किसी मोहल्ले में कोई व्यक्ति शांति भंग करता है और उसे समझाने पर भी नहीं मानता, तो उसके खिलाफ लोक शांति बनाए रखने के लिए संबंधित न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया जाता है, जिसमें शांति भंग करने से संबंधित तथ्य शामिल होते हैं।
नावकोठी पुलिस ने तीन फरार वारंटियों को किया गिरफ्तार
नावकोठी में पुलिस ने एक कार्रवाई के तहत तीन फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गुप्त सूचना के आधार पर समसा के पूरण पासवान के पुत्र सुरेश पासवान, स्व. अनूप पासवान के पुत्र नरेश पासवान, और पहसारा पूर्वी पंचायत के जगदीश सदा को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। इस गिरफ्तारी में एसआइ विश्वजीत कुमार, एसआइ मनोज प्रसाद, और अन्य पुलिस जवान शामिल थे।



































