पटना: बिहार में बढ़ते अपराधों के खिलाफ आरजेडी ने रविवार को सड़क पर उतरकर राजभवन की ओर मार्च किया और बिहार की डबल इंजन सरकार पर हमला बोला। आरजेडी नेताओं ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने अपराधों के बढ़ते ग्राफ पर हस्तक्षेप की मांग की। आरजेडी के इस राजभवन मार्च पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
सम्राट चौधरी ने आरजेडी पर हमला करते हुए कहा कि यह पार्टी गुंडागर्दी और अपराधीकरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जो लोग गुंडागर्दी में लिप्त हैं, वे राजभवन कैसे जा सकते हैं और उन्हें शर्म आनी चाहिए। सम्राट ने लालू प्रसाद यादव को ‘रावण राज’ का प्रतीक बताया और आरोप लगाया कि उन्होंने बिहार में रावण राज स्थापित किया है।
डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार सुशासन के प्रतीक हैं और उनके शासन में कोई अपराधी बच नहीं सकता; सभी अपराधियों को जेल जाना पड़ता है। वहीं, बिहार को हाल ही में मिली वंदे भारत ट्रेनों की सौगात पर सम्राट ने कहा कि ये ट्रेनें बिहारवासियों के लिए बहुत फायदेमंद साबित होंगी।



































