पटना: बिहार सरकार ने एक बार फिर 17 आईपीएस अधिकारियों और बिहार पुलिस के दो अन्य अधिकारियों समेत कुल 19 पुलिस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल के तहत पटना में पांच नए एसपी तैनात किए गए हैं, जिनमें पटना पूर्वी, मध्य, पश्चिम, ग्रामीण, और यातायात क्षेत्र शामिल हैं। भागलपुर, मुजफ्फरपुर, और दरभंगा में भी नए एसपी नियुक्त किए गए हैं। गृह विभाग ने तबादलों की अधिसूचना जारी कर दी है।
अधिसूचना के अनुसार, एसडीपीओ डिहरी रोहतास शुभांग मिश्रा को पटना पूर्वी का एसपी बनाया गया है। पटना सदर एसडीपीओ स्वीटी सहरावत को एसपी (मध्य), पटना सिटी के एसडीपीओ सरथ आरएस को एसपी (पश्चिम), और बाढ़ में तैनात अपराजित को पटना यातायात का एसपी नियुक्त किया गया है। अपराध अनुसंधान विभाग में कार्यरत विश्वजीत दयाल को पटना ग्रामीण का एसपी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, एसडीपीओ फुलवारीशरीफ विक्रम सिहाग को एसपी मुजफ्फरपुर, अग्निशमन में रहे विद्या सागर को एसपी ग्रामीण मुजफ्फरपुर, शेरघाटी के एसडीपीओ के रामदास को एसपी भागलपुर, और पुलिस अधीक्षक यातायात पटना अशोक कुमार चौधरी को एसपी दरभंगा नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही, राकेश दुबे को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस में सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। मुजफ्फरपुर के एएसपी कोटा किरण कुमार को एसडीपीओ डिहरी रोहतास, एएसपी पटना भावरे दीक्षा अरुण को एएसपी अपराध अनुसंधान, एएसपी मुंगेर शैलेन्द्र सिंह को एसडीपीओ शेरघाटी, एएसपी भागलपुर अभिनव को एसडीपीओ सदर पटना, और एएसपी पूर्णिया अतुलेश झा को एसडीपीओ पटना सिटी बनाया गया है।
इसके अलावा, औरंगाबाद की एसपी डा. स्वप्ना गौतम मेश्राम को बी-सैप 17 बोधगया का समादेष्टा नियुक्त किया गया है, जिससे बी-सैप तीन बोधगया के समादेष्टा दीपक रंजन को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है। बिहार पुलिस सेवा के एसटीएफ के एएसपी राकेश कुमार को बाढ़ का एसडीपीओ (वन), और सचिवालय पटना के एसडीपीओ सुशील कुमार को फुलवारीशरीफ का एसडीपीओ बनाया गया है। सुशील कुमार को सचिवालय एसडीपीओ का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
ALSO READ
सिपाही भर्ती पेपर लीक में पूर्व DGP सिंघल की भूमिका, अब कार्रवाई की तैयारी; पेंशन पर भी संकट



































