पटना: बिहार के शेखपुरा जिले में उद्घाटन समारोह को लेकर राजनीतिक विवाद पैदा हो गया है। यहां भाजपा और जदयू के नेताओं के बीच विवाद देखने को मिला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शुक्रवार को पटना से शेखपुरा जिले के बरबीघा विधानसभा क्षेत्र के तीन गांवों में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का वर्चुअल उद्घाटन किया। प्रोटोकाल के अनुसार, स्थल पर भौतिक उद्घाटन स्थानीय सत्तारूढ़ गठबंधन के जनप्रतिनिधियों को करना था, लेकिन असल में इसका उल्टा हुआ।
क्या है पूरा मामला?
बरबीघा के विधायक और जदयू नेता सुदर्शन कुमार ने पहले ही शेखोपुरसराय के मोहब्बतपुर, बरबीघा के सर्वा और शेखपुरा सदर प्रखंड के कटारी गांवों में बनाए गए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने इन तीनों स्थानों पर शिलापट्ट का अनावरण किया, नारियल फोड़े और फीता काटकर उद्घाटन कर दिया। इसके तीन से चार घंटे बाद नवादा सांसद और भाजपा नेता विवेक ठाकुर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन तीनों सेंटरों में पहुंचे और उनका भौतिक उद्घाटन किया। विवेक ठाकुर ने पहले मोहब्बतपुर, फिर सर्वा और अंत में कटारी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन किया।
इस समन्वय की कमी के बारे में पूछे जाने पर विधायक सुदर्शन कुमार ने कहा कि उन्हें भौतिक उद्घाटन के लिए बुलाया गया था और बाद में क्या हुआ, इसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। वहीं, सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि उन्होंने सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रम और प्रोटोकाल का पालन करते हुए उद्घाटन किया, जिसमें जिला प्रशासन और सिविल सर्जन भी शामिल थे।
ALSO READ
अब ड्रोन उड़ाने से पहले लेनी होगी अनुमति, सरकार ने जारी की नई गाइडलाइन; जानिए पूरी जानकारी


































