पटना: रुपौली विधानसभा की पूर्व एमएलए बीमा भारती का RJD में प्रमोशन हो गया है। उन्हें राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बीमा भारती जिन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव के समय जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से इस्तीफा देकर RJD की सदस्यता ग्रहण की थी, अब इस महत्वपूर्ण पद पर आसीन हुई हैं। उन्होंने राजद के टिकट पर लोकसभा चुनाव भी लड़ा था। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने बीमा भारती को इस नई जिम्मेदारी से नवाजा है।
जब उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया तो उन्होंने राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का आभार व्यक्त किया। पूर्व विधायक भारती ने कहा कि जिस विश्वास के साथ पार्टी ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, वह उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी।
बीमा भारती ने राज्य भर में राजद को और मजबूत करने का संकल्प भी व्यक्त किया। बीमा भारती की नियुक्ति को लेकर रूपौली विधानसभा क्षेत्र के राजद कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है. राजद प्रखंड अध्यक्ष डाॅ. जमशेद आलम, युवा प्रखंड अध्यक्ष दीपक कुमार यादव, राजद नेता रामचन्द्र मंडल, अशोक भारती, संजय भारती सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने बीमा भारती को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


































