पटना: बिहार के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार और शुक्रवार को हुई बारिश से पिछले कुछ दिनों से गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली. लेकिन साथ ही आसमान से गिरी बिजली ने कई लोगों की जान भी ले ली. अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को राज्य में बिजली गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई. बिहार आपदा प्रबंधन एजेंसी ने मौसम परिवर्तन और बिजली गिरने से होने वाली मौतों के जवाब में शुक्रवार को एक टोल-फ्री इमरजेंसी नंबर लॉन्च किया। वहीं, अगले 5 दिनों तक बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
इन जिलों में होगी भारी बारिश
आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है. जारी चेतावनी के मुताबिक बांका, मुंगेर और बेगुसराय में एक-दो जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. भागलपुर, जमुई और खगड़िया में एक-दो जगहों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है. कटिहार, रोहतास, औरंगाबाद और गया में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में मेघगर्जन और बिजली के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.
हेल्पलाइन नंबर जारी
चेतावनी के अलावा, आपदा प्रबंधनविभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सहायता के लिए वे हेल्पलाइन नंबर 0612-2294204, 205 और टोल फ्री नंबर 1070 पर डायल कर सकते हैं. विभाग ने राज्य के स्थानीय निवासियों को ख़राब मौसम या बारिश जैसी स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा है। खेतों में काम करने वाले लोग खुद को सुरक्षित रखने के लिए मौसम खराब होते ही खेत से निकलकर किसी मकान में चले जाये और सुरक्षित रहे.
ALSO READ



































