पटना: बिहार के छपरा और सीवान में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की जान चली गई है। इन मौतों के बाद डबल इंजन सरकार की नींद टूटी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीवान और सारण जिले में हुई जहरीली शराब घटना की उच्चस्तरीय समीक्षा की और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों को मिले सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव को आदेश दिया कि वे खुद घटनास्थल पर जाकर स्थिति की पूरी जानकारी लें और सभी बिंदुओं पर गहन जांच करें। उन्होंने एडीजी (प्रोहिबिशन) की टीम को घटनास्थल पर जाकर इसकी सघन जांच करने और संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है।
सीएम नीतीश कुमार ने डीजीपी को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि वे पूरे घटनाक्रम की निगरानी करते रहें और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करें। उन्होंने राज्य की जनता से अपील की कि शराब पीना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है और इसे समझना चाहिए।
सीएम ने कहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि शराब पीने से न केवल स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है, बल्कि यह परिवार और समाज में भी अशांति उत्पन्न करता है। राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू है और सभी को इसका पालन करना चाहिए। कुछ असमाजिक तत्व समाज में विघटन करना चाहते हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहना चाहिए।



































