पटना: शुक्रवार को शेखपुरा के चकंदरा पहाड़ में पत्थर के उत्खनन के दौरान एक बड़ा हिस्सा धंस गया। इस हादसे में 3 श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पावापुरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहाड़ के ढहने से कई वाहन भी मलबे में दब गए। संभावना है कि कुछ अन्य श्रमिक भी दबे हुए हों।

मलबा हटाने का काम जारी है ताकि दबे हुए वाहनों और श्रमिकों को निकाला जा सके। हादसे की सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी राहुल सिंह ने अपने दल के साथ मौके का दौरा किया। उन्होंने बताया कि चकंदरा पहाड़ में पत्थर खनन का कार्य नटराज कंस्ट्रक्शन कर रहा है। हादसे के बाद खनन एजेंसी के सभी कर्मचारी वहां से फरार हो गए।

अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि मलबा हटाने के लिए एजेंसी को निर्देशित किया गया है, ताकि कोई दबा हुआ व्यक्ति मिल सके। स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार की सुबह लगभग 10 बजे एक पोकलेन मशीन काम कर रही थी और दो हाइवा वाहन पत्थर लोड कर रहे थे, तभी अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया, जिससे दोनों हाइवा और पोकलेन दब गए। पत्थर खनन का कार्य पहाड़ की सतह से 100 फीट नीचे चल रहा था और मलबा लगभग 50 फीट ऊंचाई से गिरा। स्थानीय निवासियों ने और लोगों के दबे होने की आशंका जताई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here