पटना: बिहार में बाढ़ के समय अधिकारियों की लापरवाही पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तीखा हमला बोला है। तेजस्वी ने एक्स पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें जेडीयू सांसद एक अधिकारी से गुहार लगाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने डबल इंजन सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि अफसरशाही बिहार में हावी हो गई है।
वीडियो में वाल्मीकिनगर के जेडीयू सांसद यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि वह सुबह से फोन कर रहे हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा है। तेजस्वी ने इस लापरवाही को लेकर नौकरशाही के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख किया है।
तेजस्वी ने एक्स पर लिखा, “ये वाल्मीकिनगर से जदयू के सांसद है। नौकरशाही से त्रस्त बेचारे सांसद महोदय की बेबसी और बेचारगी देखिए। DM-SP को तो छोड़िये सुबह से फोन किए जा रहे है लेकिन छोटा बाबू भी फोन नहीं उठा रहा”।
उन्होंने आगे लिखा, “नेताओं को सरकार की बदनामी का डर रहता है लेकिन DK-NK मॉडल पर चल रहे बिहार के अधिकारियों को किसी का डर नहीं है? CM को तो होश ही नहीं है। CM अपने ही दल के नेताओं के फीडबैक पर काम नहीं करते विपक्ष की तो छोड़ ही दीजिए”।



































