पटना: राज्यसभा में कांग्रेस के सचेतक डॉ. नासिर हुसैन ने रविवार को पटना में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से सवाल किया कि वे इस मुद्दे पर किसके पक्ष में हैं। डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह की मौजूदगी में नासिर ने भाजपा पर वक्फ बोर्ड को नष्ट करने की मंशा का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा संविधान द्वारा दिए गए समानता के अधिकार को समाप्त करने पर तुली हुई है।
नासिर ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी ने एक भी वादा पूरा नहीं किया, न किसानों की आय दोगुनी हुई, न नौकरियां मिलीं, न ही आवास की योजनाओं पर कोई ठोस कदम उठाए गए। मोदी की अलोकतांत्रिक और जन-विरोधी नीतियों की कांग्रेस हमेशा आलोचना करती रहेगी।
संपूर्ण मुद्दे पर चर्चा करने के लिए गठित संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के सदस्य के रूप में नासिर ने बिहार में व्याप्त कुव्यवस्था, अपराध और भ्रष्टाचार की ओर इशारा करते हुए नीतीश कुमार से यह सवाल किया कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा कब मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि जब राहुल गांधी बौद्धिक विमर्श करते हैं, तो भाजपा उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर गलतबयानी करती है। नासिर ने आरोप लगाया कि मोदी राहुल की बढ़ती लोकप्रियता से घबराए हुए हैं। कांग्रेस ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक भारत प्रेम, सर्वधर्म समभाव और राष्ट्रवाद की राह अपनाई है और कांग्रेस को देशभक्ति की शिक्षा अंग्रेजों की मुखबिरी करने वालों से नहीं चाहिए।
नासिर ने चेतावनी दी कि अगर भाजपा दुष्प्रचार से बाज नहीं आती, तो कांग्रेस भी अब चुप नहीं बैठेगी और उचित जवाब देने में सक्षम है। प्रेस कांफ्रेंस में डॉ. शकील अहमद खान, डॉ. मदन मोहन झा, ब्रजेश पांडेय, ब्रजेश प्रसाद मुनन, आनंद माधव, कपिलदेव प्रसाद यादव, लालबाबू लाल और ज्ञान रंजन सहित अन्य नेता भी उपस्थित थे।
ALSO READ



































