पटना: बिहार की राजधानी पटना से झारखंड के टाटानगर (जमशेदपुर) के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित संचालन आज से शुरू हो रहा है। साथ ही, गया से हावड़ा के लिए भी वंदे भारत ट्रेन आज से नियमित रूप से चलने लगेगी। इन ट्रेनों का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 सितंबर को वर्चुअल माध्यम से किया था।
पटना से टाटानगर की ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी, जबकि गया हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस भी गुरुवार को छोड़कर हफ्ते में 6 दिन संचालित होगी। दोनों ट्रेनों के रूट, टाइम टेबल और किराये की जानकारी पहले ही प्रदान की जा चुकी है।
पटना से टाटानगर के बीच वंदे भारत ट्रेन बुधवार से रविवार तक, सप्ताह में पांच दिन, गया, कोडरमा, पारसनाथ, गोमो, बोकारो स्टील सिटी, मुरी, और चांडिल जंक्शन होते हुए चलेगी। 450 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन सिर्फ 7 घंटे 15 मिनट में तय करेगी। हर सोमवार को यह गाड़ी गया से सोन नगर, गढ़वा रोड, डाल्टनगंज, बरकाकाना, मुरी और चांडिल होकर जाएगी। पटना से ट्रेन बुधवार से शनिवार तक दोपहर 2:15 बजे रवाना होगी और रात करीब 9:30 बजे टाटानगर पहुंचेगी। रविवार को ट्रेन का समय शाम 4:45 बजे है और यह रात 11:55 बजे टाटानगर पहुंचेगी। सोमवार को ट्रेन दोपहर 1:20 बजे निकलेगी और रात 11:55 बजे टाटानगर पहुंचेगी। वंदे भारत ट्रेन में पटना से टाटानगर का न्यूनतम किराया एसी चेयर कार में 1505 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास में 2570 रुपये है।
दूसरी ओर, गया से हावड़ा के बीच वंदे भारत ट्रेन कोडरमा, पारसनाथ, धनबाद, आसनसोल और दुर्गापुर होते हुए जाएगी। गया से यह ट्रेन गुरुवार को छोड़कर अन्य सभी दिन दोपहर 3:15 बजे रवाना होगी और रात 9:05 बजे हावड़ा पहुंचेगी। यह ट्रेन 458 किलोमीटर की दूरी मात्र 5 घंटे 50 मिनट में तय करेगी। हावड़ा से यह ट्रेन सुबह 6:50 बजे चलकर दोपहर 12:30 बजे गया पहुंचेगी। वंदे भारत ट्रेन में गया से हावड़ा का न्यूनतम किराया एसी चेयर कार में 1300 रुपये है, जबकि एग्जीक्यूटिव क्लास में 2365 रुपये खर्च होंगे। हावड़ा से गया का किराया एसी चेयर कार में 1355 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास में 2415 रुपये प्रति सवारी है।
ALSO READ
कैमूर में आज शुरू होगा पेयजल क्रांति का नया अध्याय, CM नीतीश कुमार देंगे हरी झंडी


































