पटना: बिहार में मानसून की शुरुआत हो चुकी है. बिहार के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश के साथ आंधी की खबर है. रविवार शाम से सोमवार तक राज्य के छह जिलों में बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हो गयी. वज्रपात से औरंगाबाद और बक्सर के दो तथा भोजपुर, रोहतास, भागलपुर और दरभंगा जिले के एक-एक व्यक्ति की मौत हो गयी. बिजली गिरने की घटना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने मृतकों के आश्रितों को तत्काल चार-चार लाख रुपये देने का अनुग्रह अनुदान दिए जाने का आदेश दिया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वह प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने लोगों को खराब मौसम में बेहद सावधान रहने के लिए प्रोत्साहित किया। खराब मौसम के दौरान वज्रपात से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किए गए सुझावों का अनुपालन करें। खराब मौसम के दौरान घर पर रहें और सुरक्षित रहें।
दरभंगा में बगीचे में वज्रपात से युवक की मौत, तीन झुलसे
दरभंगा में भारी बारिश में बगीचे से आम तोड़ रहा एक युवक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई; जबकि तीन अन्य झुलस गए। मृतक की पहचान समधीनियां गांव निवासी के मनोज साह (33) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक चारों लोग बगीचे में आम तोड़ने गये थे. इसी बीच बारिश होने लगी. इससे बचने के लिए सभी लोग बगीचे के बीच में बनी एक झोपड़ी में चले गए. अचानक झोपड़ी पर चमक के साथ ठनका गिरा तो सभी बेहोश हो गए। जब आसपास के बगीचे के रखवाले पहुंचे तो उन्होंने बेहोश लोगों को उठाया और फरल अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मनोज कुमार साह को मृत घोषित कर दिया. बाकी तीन का इलाज उसी अस्पताल में चल रहा है।
मुजफ्फरपुर व पूर्वी चंपारण में ठनका से 2 किशोरों की गई जान
पूर्वी चंपारण के मेहसी प्रखंड के राजेपुर में ठनका गिरने से सुनील राय के 13 साल के बेटे भोला कुमार की जान चली गई। बारिश में वह अपने दरवाजे पर खुले में स्नान कर रहा था, तभी यह घटना हुई। दूसरी ओर मुजफ्फरपुर के बरियारपुर थाने के बेरुआडीह गांव में शाम के समय ठनका गिरने से मनोज महतो के पुत्र राजीव कुमार (16) की मौत हो गई। बारिश के समय वह आम के पेड़ के नीचे खड़ा था.
ALSO READ
एक्शन में डबल इंजन सरकार, बिहार के 7 दर्जन से ज्यादा CO के खिलाफ जांच


































