नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2025 दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ऐतिहासिक जीत पर खुशी जताई और दिल्लीवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि यह जीत विकास और सुशासन की जीत है।
दिल्ली के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे – पीएम मोदी
पीएम मोदी ने लिखा, “BJP को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मेरे सभी भाइयों और बहनों को मेरा वंदन और अभिवंदन। आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का दिल से बहुत-बहुत आभार।” इसके बाद उन्होंने कहा कि दिल्ली के चौतरफा विकास के लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली का योगदान एक विकसित भारत के निर्माण में अहम हो।
पार्टी कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त किया
PM Modi ने एक अन्य पोस्ट में पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया और कहा, “बीजेपी के कार्यकर्ताओं पर मुझे गर्व है जिन्होंने दिन-रात मेहनत की। अब हम और भी मजबूती से दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित रहेंगे।”
BJP की बड़ी जीत और सत्ता में वापसी
दिल्ली चुनाव के नतीजों में बीजेपी लगातार जीत की ओर बढ़ रही है। पार्टी ने अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को हराते हुए सत्ता में वापसी की है। अभी तक के रूझानों के मुताबिक बीजेपी 48 सीटों पर और आम आदमी पार्टी 22 सीटों पर आगे चल रही है। 2015 में आम आदमी पार्टी ने 67 और 2020 में 62 सीटें जीती थीं, जबकि बीजेपी ने 2015 में केवल 3 और 2020 में 8 सीटें जीती थीं।
प्रियंका गांधी ने भाजपा को दी बधाई, अपनी पार्टी के प्रदर्शन पर की समीक्षा
कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी ने बीजेपी को दिल्ली में 27 साल बाद सत्ता में वापसी करने पर बधाई दी। उन्होंने अपनी पार्टी के प्रदर्शन पर विचार करते हुए कहा कि कांग्रेस को अब और कड़ी मेहनत करने की जरूरत है। प्रियंका ने कहा, “हमने लोगों के साथ जुड़े रहने और उनकी समस्याओं को अधिक प्रभावी ढंग से संबोधित करने का संकल्प लिया है।”
अमित शाह ने दिल्ली में झूठ का ‘राज’ खत्म होने का किया दावा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि दिल्ली में झूठ का राज खत्म हो गया है। उन्होंने इसे दिल्ली में विकास और विश्वास के नए युग की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा, “दिल्ली के लोगों ने झूठ और भ्रष्टाचार के ‘शीशमहल’ को ढहा दिया है। यह उन लोगों के लिए एक कड़ा संदेश है जो जनता से झूठे वादे करते हैं।”
भव्य विजय पर भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्सव
दिल्ली में इस शानदार विजय को लेकर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में उत्सव मनाया। वे पटाखे फोड़ते, नाचते और गाते नजर आए। भारतीय जनता पार्टी 27 साल बाद दिल्ली में सत्ता में वापसी के लिए पूरी तरह से तैयार है।
चुनाव परिणाम और भविष्य के वादे
चुनाव आयोग के अनुसार बीजेपी ने 48 और आम आदमी पार्टी ने 22 सीटों पर जीत हासिल की है। अब, बीजेपी अपने वादों को पूरा करने और दिल्ली को एक आदर्श राजधानी बनाने के लिए कृतसंकल्प है।
ALSO READ
Delhi Election Result 2025: दिल्ली के दंगल में चिराग की दुर्गति! जेडीयू प्रत्याशी भी नहीं रहा पीछे