नई दिल्ली: देश के 80 केंद्रीय विभागों में करीब 9.56 लाख पद खाली हैं। यह खुलासा आरटीआई कार्यकर्ता चंद्रशेखर गौड़ द्वारा प्राप्त जानकारी से हुआ है। इनमें ए ग्रेड अधिकारियों के 31,694 पद भी खाली हैं। रक्षा जैसे अहम विभाग में ही 2.43 लाख पद रिक्त हैं।
रेलवे, स्वास्थ्य और इसरो में बड़ी कमी
महत्वपूर्ण विभाग जैसे रेलवे, राजस्व और स्वास्थ्य मंत्रालय में अधिकारियों की भारी कमी देखी गई है। इसरो जैसे वैज्ञानिक संस्थान में 1,251 ए ग्रेड अधिकारियों के पद खाली हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग में 7,002 पदों पर अब तक भर्ती नहीं हुई है।
रेलवे और गृह मंत्रालय में लाखों पद खाली
रेलवे विभाग में 3.16 लाख पद खाली हैं, जबकि गृह मंत्रालय में 1.28 लाख पदों पर अब तक नियुक्ति नहीं हुई है। यूपीएससी जैसे संस्थान में भी कई अहम पद रिक्त हैं।
बेरोजगारी के दौर में चिंताजनक स्थिति
देश में बढ़ती बेरोजगारी के बीच ये आंकड़े बेहद चिंताजनक हैं। रोजगार के अवसर सीमित होते जा रहे हैं, और युवाओं के लिए यह स्थिति निराशाजनक है।
समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया की जरूरत
आरटीआई कार्यकर्ता चंद्रशेखर गौड़ का कहना है कि जिस प्रकार चुनाव समय से पहले कराए जाते हैं, उसी तरह भर्ती प्रक्रिया को भी समयबद्ध करना चाहिए। सरकार को मिशन मोड में काम करते हुए रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरने की दिशा में कदम उठाने चाहिए।