पटना: केंद्र सरकार 16 दिसंबर को संसद के शीतकालीन सत्र में ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ विधेयक पेश करने की तैयारी कर रही है, लेकिन विपक्ष ने विरोध शुरू कर दिया है। पटना में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने पोस्टर लगाकर इस योजना पर सवाल खड़े किए हैं। इन पोस्टरों में लालू यादव, तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी की तस्वीरें हैं और केंद्र सरकार से विभिन्न मुद्दों पर जवाब मांगा गया है।

‘वन एजुकेशन क्यों नहीं?’

आरजेडी कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर में तेजस्वी यादव की तस्वीर के साथ लिखा गया है, ‘वन नेशन वन एजुकेशन क्यों नहीं? हमारे देश में कोई युवा बेरोजगार नहीं रहे, यह नियम क्यों नहीं? ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ की बात करते हैं, तो पब्लिक सुविधा एक क्यों नहीं?’

सबकी शिक्षा एक समान क्यों नहीं?

लालू यादव की तस्वीर वाले हिस्से में शिक्षा की समानता पर सवाल उठाया गया है। लिखा गया है, राष्ट्रपति का हो संतान या भंगी की संतान, सबकी शिक्षा एक समान होनी चाहिए।

‘वन नेशन वन ट्रीटमेंट क्यों नहीं?’

राबड़ी देवी की तस्वीर के साथ स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल किया गया है। पोस्टर में लिखा गया है, *’वन नेशन वन ट्रीटमेंट (स्वास्थ्य सेवा) क्यों नहीं? सबको समान स्वास्थ्य सेवा क्यों नहीं मिलती?’

आरजेडी नेताओं की प्रतिक्रिया

प्रदेश महासचिव उमेश यादव ने कहा, ‘हम वन नेशन वन इलेक्शन का विरोध कर रहे हैं। यह कदम देश में छोटी-छोटी पार्टियों को खत्म कर देगा। केंद्र सरकार संविधान बदलने की साजिश रच रही है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘समान शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ रोजगार के अवसर देने की बात क्यों नहीं की जा रही? मोदी सरकार केवल ऐसी नीतियां लागू करना चाहती है, जिससे विपक्ष की ताकत खत्म हो जाए।’

प्रदेश महासचिव गणेश यादव ने कहा, ‘यह सरकार केवल अपने फायदे के लिए वन नेशन वन इलेक्शन की बात कर रही है। हमारी पार्टी इसका हर स्तर पर विरोध करेगी।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here