पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही महिला संवाद यात्रा पर निकलने वाले हैं। इस यात्रा को लेकर विपक्ष के नेता लगातार सवाल उठा रहे हैं। खासकर, यात्रा के खर्च को लेकर रोजाना नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अब तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर सरकारी खजाने का दुरुपयोग कर अपनी छवि सुधारने का आरोप लगाया है।
114 करोड़ चाय-पानी और 150 करोड़ पीआर कंपनी पर खर्च
तेजस्वी यादव ने बयान दिया कि मुख्यमंत्री इस यात्रा और सोशल मीडिया प्रचार के नाम पर 104 करोड़ खर्च करेंगे। इसके अलावा, 114 करोड़ रुपए चाय-पानी और अल्पाहार पर और 150 करोड़ रुपए एक पीआर कंपनी को दिए जाएंगे।
तेजस्वी का आरोप है कि यह सब सरकारी खजाने की बर्बादी है। उन्होंने कहा, “जब हमने 10 लाख नौकरियां देने का सवाल किया, तो नीतीश कुमार ने कहा कि पैसा कहां से लाएंगे? अब ये 225 करोड़ रुपए उनकी यात्रा और प्रचार के लिए कहां से आए?”
“गरीब राज्य का पैसा प्रचार पर बर्बाद”
तेजस्वी यादव ने आगे कहा, “गरीब राज्य का खजाना अपनी छवि सुधारने, प्रलोभन देने और प्रचार-प्रसार पर खर्च करना शर्मनाक है। जो मुख्यमंत्री नौकरियों के लिए पैसे की कमी का बहाना बनाते थे, वही अब 225.78 करोड़ रुपए अपनी यात्रा के लिए खर्च कर रहे हैं।”
नीतीश कैबिनेट ने दी मंजूरी
गौरतलब है कि नीतीश कुमार की महिला संवाद यात्रा के लिए 225 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। इस यात्रा के जरिए मुख्यमंत्री सभी जिलों में जाकर महिलाओं से संवाद करेंगे। यात्रा इसी महीने शुरू होने की संभावना है।



































