पटना: बिहार के सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के बाजपट्टी गोठ गांव में गुरुवार सुबह भारत सरकार की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अचानक छापेमारी की। टीम ने एक व्यक्ति को उसके घर से हिरासत में लेकर बाजपट्टी थाने में पूछताछ की। फिलहाल उससे थाने के एक कमरे में पूछताछ जारी है।

NIA की कार्रवाई से मचा हड़कंप

एनआईए द्वारा बाजपट्टी में चिकन विक्रेता के घर पर छापेमारी से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया गया कि यह कार्रवाई गुरुवार सुबह करीब 4 बजे शुरू हुई। जब पुपरी डीएसपी से इस मामले में जानकारी मांगी गई, तो उन्होंने कहा कि जांच चल रही है और फिलहाल कोई जानकारी साझा नहीं की जा सकती।

पुपरी डीएसपी अतनु दत्ता ने कहा

“जांच जारी है। अभी कुछ भी कहना संभव नहीं है। यह छापेमारी नहीं थी, बल्कि कुछ खास बिंदुओं की जांच की जा रही थी। फिलहाल बाजपट्टी में कार्रवाई हो रही है। कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।”

अधिकारियों की सक्रियता

घटना की जानकारी मिलते ही पुपरी और सीतामढ़ी सदर डीएसपी मौके पर पहुंचे। सदर डीएसपी रामकृष्ण और पुपरी डीएसपी ने बाजपट्टी थाने पहुंचकर पूरे मामले का जायजा लिया। इस दौरान पूरे थाना परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।

हिरासत और मोबाइल जब्त

बाजपट्टी गोठ गांव में रहने वाले मोहम्मद अलीम से टीम ने करीब दो घंटे पूछताछ की। मोहम्मद अलीम, जो चिकन काउंटर चलाता है, का मोबाइल फोन टीम ने जब्त कर लिया। अब मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

कार्रवाई के पीछे की वजह पर सस्पेंस

छापेमारी का असल कारण अब तक स्पष्ट नहीं है। हालांकि, इसे राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से जुड़े मामले में पूछताछ के रूप में देखा जा रहा है। एनआईए या पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here