नई दिल्ली: दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति का माहौल पूरी तरह गरमा गया है। सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। अब इस सियासी जंग में पोस्टर वार का नया मोर्चा खुल गया है। दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर पोस्टरों के माध्यम से निशाना साध रही हैं।
बीजेपी का हमला: “केजरीवाल के घोटालों का मकड़जाल”
शनिवार को बीजेपी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का एक पोस्टर जारी किया। इस पोस्टर में केजरीवाल की तस्वीर को स्पाइडरमैन के आधे चेहरे जैसा दिखाया गया है। पोस्टर में उनके चारों ओर कथित घोटालों का जाल दिखाते हुए लिखा गया, “केजरीवाल के घोटालों का मकड़जाल”। इसमें शराब घोटाला, मोहल्ला क्लीनिक, हवाला, सिक्योरिटी, राशन, पैनिक बटन, शीशमहल, दवाई, दिल्ली जल बोर्ड, क्लासरूम और सीसीटीवी घोटाले जैसे आरोपों का उल्लेख किया गया। बीजेपी का यह पोस्टर सामने आते ही राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई।
आप का पलटवार: “केजरीवाल झुकेगा नहीं”
बीजेपी के इस हमले का जवाब देते हुए आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना पोस्टर जारी किया। पोस्टर में अरविंद केजरीवाल को “पुष्पा” फिल्म के अंदाज में झाड़ू पकड़े हुए दिखाया गया और लिखा गया, “फिर आ रहा है केजरीवाल”। इसके साथ ही पोस्टर पर “केजरीवाल झुकेगा नहीं” का स्लोगन भी दिया गया। आप के इस पोस्टर के बाद केजरीवाल के पुष्पा स्टाइल की जमकर चर्चा हो रही है। इस पोस्टर को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जोश भर गया है।
चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर
दोनों दलों के बीच पोस्टर वार से यह साफ है कि आगामी विधानसभा चुनाव बेहद दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण होने जा रहे हैं। हर पार्टी अपनी रणनीति से जनता को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है। अब देखना यह होगा कि इस पोस्टर वार का असर मतदाताओं पर कितना पड़ता है।



































