पटना: बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र की दूसरी पाली की कार्यवाही शुरू होते ही वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ विपक्षी सदस्यों ने जमकर हंगामा किया। हाथों में पोस्टर लेकर विपक्षी सदस्य बेल में पहुंचे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ ‘नीतीश कुमार हाय-हाय’ के नारे लगाए। इसके बाद, उन्होंने सदन से वॉकआउट कर दिया।
वक्फ संशोधन बिल पर विरोध
दरअसल, केंद्र सरकार संसद के शीतकालीन सत्र में वक्फ संशोधन बिल पेश करने की तैयारी कर रही है। इस बिल का विपक्षी दल कड़ा विरोध कर रहे हैं। भारी विरोध के चलते सरकार ने एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन भी किया था, लेकिन विपक्ष बिल को किसी भी हाल में स्वीकार करने के पक्ष में नहीं है। विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष ने इस बिल के खिलाफ अपने कड़े विरोध का प्रदर्शन किया।
स्पीकर ने की शांति की अपील
दूसरी पाली की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी। स्पीकर नंदकिशोर यादव ने विपक्षी सदस्यों को समझाने की कोशिश की और कहा कि वे अपनी आपत्तियां केंद्र सरकार और कमेटी के समक्ष रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है।
सदन से वॉकआउट
स्पीकर ने बार-बार विपक्ष से शांत रहने की अपील की, लेकिन विपक्षी सदस्य मानने को तैयार नहीं हुए। इस दौरान सरकार ने सदन में कई विधेयक पारित किए। विपक्ष के लगातार विरोध के बीच आखिरकार विपक्षी दलों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
































