पटना: बिहार में बक्सर से राजद के सांसद सुधाकर सिंह के ‘लाठी से पीटने वाले बयान’ पर राजनीति गर्माई हुई है. बिहार सरकार में मंत्री संतोष सिंह ने सुधाकर सिंह के बयान का जवाब देते हुए सीधी चेतावनी दी है कि अगर वह लाठी लेकर आए तो उनकी हड्डियाँ चूर-चूर कर दी जाएंगी। मंत्री ने कहा, “अगर तुम लाठी लेकर आए, तो शरीर की कोई हड्डी सही नहीं रहेगी। एक भी हड्डी साबूत नहीं छोड़ी जाएगी। हाथ उठाओगे तो तोड़ देंगे, अंगुली दिखाओगे तो काट लेंगे। अब बिहार में तुम्हारी गुंडई और लाठी चलने नहीं पाएगी।”
आपको बता दें कि बिहार के चार विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव हो रहे हैं, जिसमें कैमूर जिले का रामगढ़ क्षेत्र भी शामिल है। रामगढ़ से पूर्व विधायक और बक्सर से सांसद सुधाकर सिंह ने शुक्रवार को एक जनसभा में कहा था कि पिछली बार उन्होंने केवल 3 स्थानों पर बीजेपी के कार्यकर्ताओं को पीटा था, लेकिन इस बार वह 300 बूथों पर लाठी से बीजेपी के कार्यकर्ताओं को पीटेंगे।
सुधाकर सिंह ने कहा

सुधाकर सिंह ने यह भी कहा कि उपचुनाव में जो विधायक चुना जाएगा, वह केवल एक साल के लिए होगा, लेकिन वह पांच साल तक सांसद रहेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि अगर कोई दूसरा विधायक चुना जाता है, तो वह उसे घुटने टेकवाने का तरीका जानता है। इस बार रामगढ़ से उनके भाई और आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के छोटे बेटे अजीत सिंह चुनावी मैदान में हैं।
संतोष सिंह ने कहा

सुधाकर सिंह के बयान पर बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष सिंह ने तीखा पलटवार किया। रामगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा, “जिस दिन लाठी लेकर आएगा, उस दिन उसकी हड्डियाँ चूर-चूर हो जाएंगी। वह लालू यादव का जमाना अब समाप्त हो चुका है। अगर तुम लाठी लाओगे, तो हमारे पास भी लाठी है। तुम लाठी के बल पर बिहार में डबल इंजन सरकार के विकास को रोक नहीं सकोगे।”
मंत्री ने यह भी कहा कि जनता को डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि लाठी का जवाब लाठी से दिया जाएगा। उन्होंने मंच पर बैठे बीजेपी के उम्मीदवार अशोक सिंह को इशारा करते हुए कहा कि अशोक भैया के पास भी लाठी है, और हमारे कार्यकर्ताओं पर कोई भी हाथ उठाएगा, तो उसका हाथ तोड़ दिया जाएगा। अगर कोई अंगुली उठाएगा, तो अंगुली काट दी जाएगी। हमारे पास इतनी ताकत है कि किसी को भी जवाब दे सकते हैं।
संतोष कुमार सिंह ने आगे कहा
संतोष कुमार सिंह ने यह भी कहा कि सुधाकर सिंह अपनी बौखलाहट में इस तरह की बातें कर रहे हैं, लेकिन इस बार जनता उन्हें हार का सामना कराएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आरजेडी के लोग जिस भाषा में बात करेंगे, उसी भाषा में उन्हें जवाब दिया जाएगा। मंत्री ने आरोप लगाया कि सुधाकर सिंह का दिमाग खराब हो चुका है, और रामगढ़ में आरजेडी की स्थिति कमजोर हो चुकी है। अब बिहार में गुंडे और लाठी-डंडे वाली सरकार नहीं चलने वाली है। रामगढ़ की जनता उन्हें नकारेगी और इस परिवार की राजनीति हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी।