रांची/झारखंड: झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के प्रचार के दौरान पलामू में आयोजित एक चुनावी सभा में तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला किया। उन्होंने छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के नामुदाग में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी विजय राम के समर्थन में यह सभा की। अपने भाषण में तेजस्वी ने कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी नफरत फैलाने का काम कर रही है, जबकि इनकी सरकारों ने कोई महत्वपूर्ण काम नहीं किया है।

तेजस्वी यादव का आरोप

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बीजेपी सत्ता में बने रहने के लिए नफरत की राजनीति कर रही है और जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा कि जिनका कोई इज्जत करता है, वे पलटू राम होते हैं, जो कभी भी अपने बयान बदल सकते हैं।तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि जब उनकी सरकार बिहार में बनी, तो उन्होंने रोजगार के वादों को पूरा किया।

उन्होंने झारखंड विधानसभा चुनाव के संदर्भ में राष्ट्रीय जनता दल का मेनिफेस्टो भी जारी किया और कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो रोजगार मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनके खिलाफ कई साजिशें रची गईं, लेकिन वे हमेशा उन साजिशों को नाकाम करते आए हैं। उन्होंने कहा, “जब लालू जी नहीं डरे तो क्या उनका बेटा डर सकता है?”

तेजस्वी यादव ने यह भी कहा

तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि देश के मिसाइल मैन डॉ. अब्दुल कलाम का नाम सभी जानते हैं और यह देश सभी का है, जिसका हर नागरिक को समान अधिकार है। लेकिन बीजेपी का मकसद सिर्फ हिंसा फैलाना और समाज को बांटना है।

बीजेपी की राजनीति पर भी किया हमला

उन्होंने बीजेपी की राजनीति पर भी हमला करते हुए कहा कि पार्टी किसी भी तरीके से सत्ता में आना चाहती है। जब जनता उनका समर्थन नहीं करती तो वे पैसे और जोड़-तोड़ की राजनीति का सहारा लेते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार में बीजेपी का कोई विधायक टूटकर उनके साथ नहीं आया, लेकिन पार्टी ने उनके चाचा को ही हाईजैक कर लिया। तेजस्वी यादव की इस सभा में राजद के नेता जयप्रकाश नारायण यादव, अब्दुल बारी सिद्दीकी और छतरपुर से राजद के उम्मीदवार विजय राम भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here