पटना: दीवाली के अवसर पर मुजफ्फरपुर में एक गंभीर घटना घटी। आग लगने से लगभग 18 घर पूरी तरह जल गए। आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जो तेजी से फैल गई और आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। लोग कुछ समझ पाते या कुछ कर पाते, उससे पहले ही बड़ा नुकसान हो चुका था।
लगभग 10 लाख रुपए का हुआ नुकसान
इस घटना में अनुमान है कि लगभग 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आस-पास के लोगों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन उनकी टीम समय पर नहीं पहुंच सकी, जिससे कई घर जल गए। ग्रामीणों ने किसी प्रकार अपने मवेशियों को सुरक्षित किया। यह घटना कटरा थानाक्षेत्र के धनौर गांव की है।
घटना के संबंध में कटरा थानाध्यक्ष अभिषेक ने कहा
इधर, घटना के संबंध में कटरा थानाध्यक्ष अभिषेक ने बताया कि बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण यह भीषण अग्निकांड हुआ, जिसमें 18 घर पूरी तरह जल गए। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया, लेकिन उनकी पहुंच में देरी हुई, जिससे लगभग डेढ़ दर्जन घर नष्ट हो गए। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाई गई। मामले की जानकारी अंचल अधिकारी को दी गई है।




































