रांची/झारखंड: झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने एक महत्वपूर्ण फैसला किया है। बीजेपी ने डॉ. रविंद्र कुमार राय को झारखंड प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। उल्लेखनीय है कि रविंद्र कुमार राय पूर्व में सांसद रह चुके हैं। हाल ही में उनके जेएमएम में शामिल होने की खबरें भी आई थीं।
रविंद्र राय को कार्यकारी अध्यक्ष किया गया नियुक्त
डॉ. रविंद्र राय पहले झारखंड भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं। जब बाबूलाल मरांडी ने भाजपा छोड़कर नई पार्टी बनाई थी, तब उन्होंने भी पार्टी छोड़ दी थी, लेकिन बाद में फिर बीजेपी में लौट आए। डॉ. रविंद्र राय कोडरमा से भाजपा के सांसद रह चुके हैं और उन्हें झारखंड में एक महत्वपूर्ण नेता माना जाता है।
झारखंड में बीजेपी के प्रमुख प्रचारक
झारखंड में बीजेपी के प्रमुख प्रचारकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, बाबूलाल मरांडी, अमर कुमार बाउरी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय शामिल हैं। इस सूची में पूर्व सांसद कड़िया मुंडा, जामताड़ा से उम्मीदवार सीता सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन का नाम भी है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी राज्य में प्रचारक होंगे।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और संगठन प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी का नाम भी प्रमुख प्रचारकों में शामिल है। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद विद्युत वरण महतो और बंगाल भाजपा के नेता शुभेंदु अधिकारी भी इस लिस्ट में हैं।
रविंद्र राय का नाम भाजपा के केंद्रीय मुख्यालय द्वारा चुनाव आयोग को भेजी गई प्रचारकों की सूची में ग्यारहवें स्थान पर है। प्रदेश के नेताओं में बाबूलाल मरांडी और अमर कुमार बाउरी के बाद उनका नाम आता है। चुनाव प्रचार टीम के संयोजक विद्युत वरण महतो का नाम 30वें स्थान पर है। प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा और आदित्य साहू का भी नाम इस सूची में है। इन नेताओं के माध्यम से बीजेपी प्रभावी प्रचार की योजना बना रही है, जिसमें असम के सीएम हिमंत सरमा और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

































