पटना: बिहार के बेगूसराय से एक गंभीर खबर आई है, जहां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बवाल हो गया। जुलूस के दौरान एक पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया, जिससे स्थिति बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गए। यह मामला बखरी प्रखंड के परिहारा इलाके का है।
पूरा मामला
रिपोर्ट के अनुसार, प्रतिमा विसर्जन के लिए पुरानी दुर्गा मंदिर से जुलूस निकाला जा रहा था। रास्ते में दिगम्बर सिंह द्वार के पास जुलूस में शामिल युवकों ने पटाखे चलाए, जिससे एक वृद्ध महिला बेहोश हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पटाखा चलाने और शोर मचाने का विरोध किया, जिससे विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट के कारण अफरातफरी मच गई और जुलूस में शामिल लोग भाग खड़े हुए, जबकि मां दुर्गा और अन्य प्रतिमाएं सड़क पर करीब दो घंटे तक रुक गईं। घटना की सूचना पर एसडीओ सन्नी कुमार सौरभ और एसडीपीओ कुंदन कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लोगों को समझाने की कोशिश की और अंततः उपद्रवियों को खदेड़ दिया। प्रशासन की मौजूदगी में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। दोनों पक्षों ने थाना में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।
इसी तरह, सीतामढ़ी में भी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंसा हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक दर्जन लोग घायल हो गए। यह घटना सुप्पी थाना क्षेत्र के ढेंग गांव में हुई। रविवार की शाम विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच झगड़ा हुआ, जिसमें वार्ड संख्या तीन के निवासी कलेवर सहनी की मौत हो गई।



































