पटना: बिहार डाक सर्किल ने पद्म विभूषण प्राप्त रतन नवल टाटा को श्रद्धांजलि देने के लिए एक विशेष कवर जारी किया। यह कार्यक्रम मेघदूत भवन में आयोजित हुआ, जहां मुख्य डाक महाध्यक्ष अनिल कुमार ने इसका अनावरण किया।
डाक विभाग ने इसे रतन टाटा के उद्योग, समाज सेवा और राष्ट्रीय विकास में योगदान का प्रतीक बताया। अनिल कुमार ने कहा कि यह कवर न केवल श्रद्धांजलि है, बल्कि उन मूल्यों को भी याद करने का माध्यम है, जिन्हें टाटा ने अपने जीवन में अपनाया। उनकी दूरदर्शिता और समाज कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है।
इस अवसर पर पवन कुमार ने रतन टाटा के निस्वार्थ समर्पण को प्रेरणादायक बताया। प्रसिद्ध डाक टिकट संग्राहक प्रदीप जैन ने कहा कि यह कवर संग्राहकों के लिए एक अनोखी वस्तु बनेगा और रतन टाटा की विरासत का सम्मान करेगा। कार्यक्रम में अन्य डाक अधिकारी भी मौजूद थे।
CM नीतीश ने कहा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी विरासत हमेशा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।
उन्होंने टाटा समूह के वैश्विक विस्तार और समाज के कमजोर वर्गों की सेवा में टाटा के योगदान की सराहना की। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने भी रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने टाटा समूह को नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया और भारतीय उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाई।



































