पटना: बिहार सरकार ने सभी सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों के जींस-टीशर्ट पहनने पर रोक लगा दी है। शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक संस्थानों में गरिमामय और शालीन वातावरण सुनिश्चित करने का निर्देश जारी किया है।शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) और अपर सचिव सुबोध कुमार चौधरी ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को यह निर्देश भेजा है।
निर्देश में क्या कहा गया?
निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि शिक्षकों और कर्मचारियों को औपचारिक परिधान में स्कूल आना चाहिए। यह देखा गया है कि कई शिक्षक अनौपचारिक कपड़ों में विद्यालय आ रहे हैं, जो कार्यालय संस्कृति के खिलाफ है।
इसके साथ ही, सोशल मीडिया पर नृत्य, डीजे और अन्य निम्न स्तर की गतिविधियों को स्कूल परिसर में संचालित होने के लिए भी चिंता जताई गई है। यह आचरण शैक्षणिक माहौल को नकारात्मक रूप से प्रभावित करता है और इसे अस्वीकार्य माना गया है। केवल शिक्षा कैलेंडर के अनुसार विशेष अवसरों पर शालीन कार्यक्रम की अनुमति होगी।
जिला शिक्षा पदाधिकारियों को इस निर्देश का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
मौलाना अबुल कलाम आजाद शिक्षा पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर
बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में दिए जाने वाले 2.50 लाख रुपये के मौलाना अबुल कलाम आजाद शिक्षा पुरस्कार के लिए नामांकन 31 अक्टूबर तक स्वीकार किए जाएंगे। यह पुरस्कार हर साल 11 नवंबर को उन व्यक्तियों को दिया जाता है, जो अपनी नौकरी से इतर बिहार के बच्चों की शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान करते हैं।



































