पटना: सारण के मढ़ौरा प्रखंड के लालापुर गांव में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे 40 कर्मियों को ग्रामीणों ने भगा दिया। ग्रामीणों ने मीटर लगाने का विरोध करते हुए हंगामा किया, जिससे कर्मियों को बिना मीटर लगाए लौटना पड़ा।
ग्रामीणों ने कर्मचारियों से निकाली पुरानी नाराजगी
गांववालों का कहना है कि दो दिन पहले स्मार्ट मीटर लगाने आए कर्मियों ने 200 घरों में बिजली कनेक्शन काट दिया था, जब कुछ उपभोक्ताओं ने मीटर लगाने से मना किया। इस कार्रवाई के खिलाफ ग्रामीणों में गुस्सा था। गुरुवार को जब कर्मी पुनः मीटर लगाने पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उन्हें खदेड़ दिया।
“हमें अपनी जमीन बेचकर बिल भरना पड़ेगा”
वार्ड सदस्य सत्येन्द्र कुमार महतो ने कहा कि ग्रामीण दैनिक मजदूरी पर निर्भर हैं। वे सरकार द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने के फैसले से चिंतित हैं। उनके अनुसार, मीटर के कारण उन्हें रोजाना की कमाई में कमी आएगी, और वे बिजली के बिल का भुगतान नहीं कर पाएंगे। उनका कहना है कि रोजाना तीन से चार सौ रुपये कमाने वाले लोग हजारों का बिल कैसे चुका पाएंगे। मीटर लगाने से मना करने पर विभाग द्वारा कनेक्शन काटने का भी जिक्र किया गया।



































