पटना: बिहार से 1989 बैच के भारतीय सिविल सेवा अधिकारी और कोयला मंत्रालय में केंद्र सचिव अमृत लाल मीना ने शुक्रवार को केंद्र से इस्तीफा दे दिया। शनिवार को वह बिहार के नए मुख्य सचिव का काम संभालेंगे। मौजूदा मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा शनिवार को रिटायर हो रहे। शनिवार को ही नए मुख्य सचिव के संबंध में अधिसूचना जारी होगी।
वर्तमान केंद्र सरकार में दे रहे थे सेवा
केंद्र सरकार के व्यक्तिगत, पब्लिक ग्रिवांसेस तथा पेंशन मंत्रालय ने शुक्रवार काे उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से मुक्त किए जाने की अधिसूचना जारी की। राज्य सरकार ने इस संबंध में केंद्र सरकार से अनुरोध किया था. हाल के दिनों में यह दूसरी बार है जब केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए बिहार कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी को बुलाकर मुख्य सचिव बनाया गया है। इसके पूर्व दीपक कुमार को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस बुलाकर कुछ दिनों के लिए विकास आयुक्त और फिर मुख्य सचिव बनाया गया था।
बिहार में पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव रहे हैं मीणा
जानकारी के लिए बता दें, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने से पहले वह पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव के रूप में कार्य कर रहे थे। साल 2021 के सितंबर में वह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए थे। बिहार में वह कई महकमे क्रमश: नगर विकास व पंचायती राज विभाग में काम कर चुके हैं। एक समय वह केंद्र में ग्रामीण विकास मंत्री रहे रघुवंश प्रसाद सिंह के सचिव भी थे। अमृत लाल मीणा अगले साल अगस्त में रिटायर हाेंगे।
ALSO READ
Vande Bharat Express: PM मोदी आज 3 वंदे भारत एक्सप्रेस की देंगे सौगात, जानें रूट और टाइमिंग
































