पटना: बिहार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे किसी भी वारदात को अंजाम देने में संकोच नहीं कर रहे। आम जनता से लेकर खास लोग सभी बदमाशों के निशाने पर हैं। ताजा मामला राजधानी पटना का है, जहां बेखौफ बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक पर निकली आरजेडी विधायक की पत्नी से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। यह घटना सचिवालय थाना क्षेत्र के अचल पथ की है।
पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, जहानाबाद से आरजेडी विधायक कुमार कृष्ण मोहन उर्फ सुदय यादव की पत्नी रिंकू देवी गुरुवार सुबह अपने पटना स्थित आवास से मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। अटल पथ पर मॉर्निंग वॉक करते समय, बदमाशों ने विधायक की पत्नी के गले में सोने की चेन देखकर बाइक पर सवार होकर उन पर हमला किया और चेन छीनकर फरार हो गए।
सुबह-सुबह बदमाशों ने अटल पथ पर विधायक की पत्नी के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद विधायक की पत्नी सचिवालय थाना पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अब इलाके में लगे CCTV फुटेज को खंगाल रही है और जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।



































