नई दिल्लीः दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल ने आबकारी नीति मामले में जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर आबकारी नीति मामले में जेल से रिहाई की मांग की है. उन्होंने याचिका में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा अपनी गिरफ्तारी और रिमांड के निर्देश को चुनौती दी है। इसके अलावा, उन्होंने मामले में नियमित जमानत याचिका भी दायर की है। समाचार एजेंसी एएनआई ने आम आदमी पार्टी की कानूनी टीम के हवाले से यह जानकारी दी है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली हाई कोर्ट ने हाल ही में CBI द्वारा गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली उनकी याचिका खारिज कर दी थी और उन्हें जमानत के लिए ट्रायल कोर्ट जाने को कहा था।
ED ने केजरीवाल को 21 मार्च को किया था गिरफ्तार
ED द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद केजरीवाल 21 मार्च से हिरासत में हैं। इस दौरान मई में शीर्ष अदालत ने लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली CM को 21 दिन की अंतरिम जमानत दी थी। वहीं, 12 जुलाई को SC ने ED मामले में केजरीवाल को अंतरिम जमानत दी थी, यह स्वीकार करते हुए कि उन्होंने 90 दिन से अधिक समय जेल में बिताया है। हालांकि इसी मामले में 26 जून को CBI द्वारा उनकी गिरफ्तारी की वजह से वे हिरासत में ही हैं।
सिसोदिया को SC से मिल चुकी है जमानत
यह याचिका सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आबकारी नीति मामले में जमानत दिए जाने के दो दिन बाद दायर की गई थी। 9 अगस्त को सिसोदिया को जमानत पर रिहा करते हुए, सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि 17 महीने की लंबी कैद और एक ऐसे मामले में उनकी लगातार हिरासत, जिसमें जल्द ही मुकदमे के समाप्त होने की कोई संभावना नहीं है, संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत स्वतंत्रता और त्वरित सुनवाई के सिसोदिया के मौलिक अधिकार का हनन करती है।
ALSO READ
BPSC कार्यालय के बाहर शिक्षक अभ्यर्थियों का आज प्रदर्शन, वन कैंडिडेट-वन रिजल्ट की मांग
































