पटना: प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ गई है और कई जगहों पर भारी बारिश हो रही है. अगले पांच दिनों में प्रदेश में भारी बारिश की आशंका है. पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने बताया कि फिलहाल पटना में मानसून काफी सक्रिय है. इससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई है. शुक्रवार को नगरनौसा में 96.4 मिमी, चंडी में 83.2 मिमी और पटना में 17.1 मिमी बारिश दर्ज की गई.
बिहार के 5 जिलों में भारी बारिश के आसार
बिहार के 5 जिलों में आज यानी शनिवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इन जिलों में भोजपुर, सारण, बक्सर, कैमूर और रोहतास शामिल हैं. भारी बारिश के दौरान लोगों को सावधानी बरतने को कहा गया है. शुक्रवार को गोपालगंज और बक्सर राज्य के सबसे गर्म स्थान रहे. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अब झारखंड में चक्रवात बना हुआ है। उसके प्रभाव से ही प्रदेश में वर्षा हो रही है। इसके अलावा एक चक्रवात असम में भी बना हुआ है। वर्तमान में मानसून की रेखा बीकानेर, शिवपुरी, डालटेनगंज होते हुए बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है।
बारिश से किसानों को मिली राहत
प्रदेश में हुई बारिश से यहां के किसानों को काफी राहत मिली है. अब तक धान की रोपनी के लिए किसान बोरिंग एवं नहर पर निर्भर थे, लेकिन शुक्रवार की वर्षा होने के कारण धान की फसल को राहत मिलेगी। दोपहर की बारिश से राजधानी के खेतों में पानी लग गया। इससे न केवल धान के खेत में रोपाई करने में मदद मिली है बल्कि जिन खेतों में धान की रोपनी की जा चुकी है, उस पौधे को भी राहत मिलेगी।
ALSO READ



































