नई दिल्लीः बांग्लादेश में आरक्षण को लेकर भड़की हिंसा के बीच एक अहम खबर सामने आ रही है। खबर है कि बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने इस्तीफा दे दिया है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. कहा जा रहा है कि शेख हसीना ने ढाका पैलेस छोड़ दिया है और हेलिकॉप्टर से सुरक्षित स्थान के लिए रवाना हो गई हैं। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी PM आवास में घुस गए हैं।
दरअसल, बांग्लादेश में पिछले कुछ दिनों से आरक्षण के मुद्दे पर उथल-पुथल मची हुई है। कोटा सिस्टम के खिलाफ छात्रों में भारी नाराजगी है। बांग्लादेश के कई शहरों में हिंसक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. हिंसा और आग के बीच, देशव्यापी कर्फ्यू लगा दिया गया और देश के सभी कार्यालय तीन दिनों के लिए बंद कर दिए गए। इस प्रदर्शन में विपक्षी दल भी शामिल हैं. इस आंदोलन के दौरान बांग्लादेश में 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई. 11,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस बीच, रविवार को आरक्षण को लेकर हिंसा फिर से भड़क उठी जब हजारों प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए। हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी पीएम आवास में घुस गए हैं।
हिंसा भड़कने के बाद बांग्लादेश सेना ने शेख हसीना को इस्तीफा देने का अल्टीमेटम दिया था. अब खबर आ रही है कि शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है, अपनी बहन के साथ ढाका पैलेस छोड़कर सैन्य हेलिकॉप्टर से भारत के लिए रवाना हो गई हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार को करीब ढाई बजे शेख हसीना अपनी बहन रेहाना के साथ ढाका से हेलिकॉप्टर द्वारा भारत के लिए रवाना हुई हैं।
ALSO READ
Tejashwi Yadav: परिवार संग मंदिर पहुंचे तेजस्वी यादव, किया भोले बाबा का जलाभिषेक
































